उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाने के झिरवां पंचायत मुखिया मोहम्मद नजीर आलम पर फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है| इसमें उचकागांव प्रखंड के प्रमुख विश्वजीत यादव, उनके शिक्षक पिता अरविंद यादव और पहलवान राजीव कुमार यादव को आरोपित किया गया है|
दर्ज एफआईआर में मुखिया मोहम्मद नजीर आलम ने कहा है कि गुरुवार की दोपहर करीब सवा दो बजे पिपराही स्थित ए आर इंटरनेशनल स्कूल के प्रथम पर निर्माण कार्य करा था इस बीच चार व्यक्ति हाथ में कागज लिए और गमछा व हेलमेट में मुंह ढंके आए| जब उनसे पूछा गया कि आप कौन है और क्या काम है, तो कमर से पिस्टल निकाल के ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे| फायरिंग से बचने के लिए मैं दीवाल के पीछे छिप कर जान बचायी| जब फायरिंग कर तीनों भागने लगे तो एक व्यक्ति रैम्प पर फिसल कर गिर गया जिसके चेहरे पर हेलमेट था|
उसकी पहचान प्रमुख विश्वजीत यादव, दूसरा राजीव कुमार यादव और तीसरा अरविंद यादव के रूप में की गई| तीनों व्यक्ति थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव के रहने वाले है| इधर एफआईआर के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है| थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि फायरिंग मामले की जांच गहराई से की जा रही है|
फायरिंग मामले की हो उच्चस्तरीय जांच
उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता:झिरवां पंचायत के मुखिया मोहम्मद नजीर आलम पर हुई फायरिंग मामले में प्रखंड प्रमुख का नाम एफआईआर में आने पर प्रमुख ने इसकी कड़ी निंदा की है|
उन्होंने कहा कि मुखिया पर हुई गोलीबारी की उच्चस्तरीय जांच हो ताकि सच्चाई लोगों के सामने आए| प्रखंड प्रमुख ने फायरिंग की गहराई व निष्पक्ष तरीके से जांच की मांग करते हुए कहा है कि एक सोची समझी साजिश के तहत मेरे परिवार को फंसाया गया है| यह पूरी तरह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित होकर एफआईआर किया गया है|
जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाय| लेकिन यदि इस मामले में मैं और मेरा परिवार दोषी नहीं है तो मेरे ऊपर बदनाम करने की साजिश रचने वाली लोगों पर कार्रवाई की जाय|