गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता : गोपालगंज में बारात की गाड़ी लगाने को लेकर शुरू हुई लड़ाई में एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं दो लोगों पर एसिड अटैक हुआ है। दोनों पक्षों से लोग घायल हुए हैं। घटना सोमवार रात की है।
बताया जा रहा है कि हथुआ के मछागर गांव के कप्तान साह और उनके पड़ोसी और वार्ड सदस्य वीरेश पूरी के बीच पुराना विवाद है। सोमवार रात धर्मेंद्र पूरी के घर बारात आई थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में गाड़ी लगाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
इसमें कप्तान साह के साथ मारपीट की गई। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पूरे परिवार पर दूसरे पक्ष ने तेजाब फेंक दिया। मारपीट में मृतक कप्तान साह की पत्नी और दूसरे पक्ष से भी 2 लोग घायल हो गए हैं।
दूसरे पक्ष पर फेंका तेजाब
कप्तान साह की हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने वीरेश पूरी के दोनों बेटे मनीष और रितेश पर तेजाब फेंक दिया। जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। उनके परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टर ने स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है।
पुलिस की हिरासत में दो लोग
मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस तुरंत पहुंची। कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने बताया कि पिछले 2 साल पहले मेरे निजी जमीन पर आरोपी वीरेश पूरी जो वर्तमान में वार्ड सदस्य है, वो आंगनबाड़ी बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। लेकिन हम लोग मंदिर बनाना चाहते हैं। इसी को लेकर उनसे विवाद था।
विवादित जमीन पर बनवा रहे थे मंदिर
कप्तान साह और वार्ड सदस्य वीरेश पूरी से जमीन को लेकर पुरानी रंजिश थी। दोनों पक्षों के बीच 2 साल से विवाद चला आ रहा था। बताया जाता है कि कप्तान साह अपने घर के बगल में ही विवादित जमीन पर हनुमान जी का मंदिर बनवा रहे थे। इसी मंदिर बनवाने को लेकर पड़ोसी विरोध कर रहे थे।
जमीनी विवाद में मारपीट हुई-थानाध्यक्ष
इस मामले में हथुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से ही जमीनी विवाद चल रहा था। इसी बीच दोनों पक्ष आपस में भिड़े थे। इसमें मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि ज्वलनशील पदार्थ के हमले से दो व्यक्ति झुलस गए। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।