गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: सदर अस्पताल के ओपीडी में कार्यरत डॉक्टरों ने प्रचंड गर्मी के कारण अपने चैंबर से निकल गए। एक जगह एकत्रित होकर डेढ़ घंटे तक कार्य को रोक दिया। जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में परेशान मरीज डेढ़ घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करते रहे।
जिले में लगातार भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। ऐसे में आम से लेकर खास तक के लोग परेशान हैं। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने आज भीषण गर्मी के कारण डेढ़ घंटे के लिए मरीजों का इलाज करना बंद कर दिया। जिससे सदर अस्पताल के ओपीडी मरीजों से भरा रहा। मरीज त्राहि-त्राहि करते रहे। डॉक्टर गोल बंद होकर एक रूम में बैठकर अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते रहे।
डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि इस भीषण गर्मी में मरीजों का इलाज करने में काफी परेशानी होती है। गर्मी के कारण ठीक से मरीजों को देख पाने में समस्या होती है। कई बार अस्पताल प्रशासन से चैंबर में एसी लगाने की मांग की जाती रही है, लेकिन अस्पताल प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता है। जिसके कारण कुछ देर के लिए कार्य को रोका गया है।
डीएस शशि रंजन ने बताया कि डॉक्टरों के लिए कई सुविधाएं हैं लेकिन एसी नही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसी लगाई जाएगी। एक सप्ताह के अंदर डॉक्टर चैंबर में एसी की सुविधा बहाल की जाएगी।