- बच्चा नहीं होने से तनाव में थी आत्महत्या की आशंका।
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बरहरा गांव में 30 वर्षीय महिला का शव उसके घर से पुलिस ने फांसी के फंदे से लटकता हुआ बरामद किया है। मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के बरहरा गांव निवासी साहेब हुसैन की पत्नी मुस्कान खातून के रूप में की गई है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी मुस्कान की शादी साल 2018 में गोपालपुर थाना क्षेत्र के बरहरा गांव निवासी साहेब हुसैन के साथ हुआ था। शादी के पांच साल बीत गए, लेकिन बच्चा नहीं हो रहा था। वह अक्सर तनाव में रहती थी। घर पर सिर्फ उसका ससुर और पति रहते हैं।
पति पांच माह पहले घर आया था। यहीं पर मटन की दुकान चलाता था। पति ने बताया कि वह अपनी दुकान पर था, इसी बीच सूचना मिली कि बीवी ने फांसी लगा ली है। जब घर पहुंचा तो उसका शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी।
आशंका जाहिर की जा रही है कि महिला ने आत्महत्या कर ली है। भाई ने बताया कि जानकारी पाकर जब पहुंचे तो उसका शव थाना में रखा हुआ था। अब इसके बारे में हम लोगों को कुछ पता नहीं है कि आखिर उसकी मौत कैसे हुई है।
गोपालपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण का खुलासा हो पाएगा।