गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाने के इंद्रावा एबादुल्लाह गांव में दहेज में दो लाख रुपए व अपाची बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका अफजल अली की 27 वर्षीय पत्नी शबनम खातून थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मामले की छानबीन कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि तीन वर्ष पूर्व महिला कि शादी हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक था। इस बीच एक बच्ची ने जन्म लिया। इसके बाद ससुराल के लोग दहेज में दो लाख रुपए व अपाची बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला के पति करीब छह माह पूर्व सऊदी कमाने के लिए चला गया। महिला के मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या के रूप में बदलने के लिए उसके शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया।
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद सीवन जिले के पचरूखी थाने के पचरूखी गांव से मायके वाले घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसका पति सऊदी में कमाई करने के लिए चला गया। इसके बाद महिला कि सास, ससुर व ननद ने हत्या की घटना को अंजाम दिया। हत्या करने के बाद ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए।
मामले में सूचना मिलने के बाद पुलिस छानबीन कर रही है। नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मायके वालों को सौंप दिया गया। मामले मे मायके वालों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।