गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: शहर के अरार मोड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना मे एक साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि बुधवार की देर शाम साइकिल सवार अरार मोड़ की तरफ जा रहा था। इस दौरान बाइक से उसकी साइकिल की टक्कर हो गई। इससे साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए साइकिल सवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों की देखरेख में साइकिल सवार अधेड़ का इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया जा रहा था। इलाज के क्रम में साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय ने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद परिजनों को लाश सौंप दी जाएगी। मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए पुलिस अपने पास रखेगी।