उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: त्रिलोकपुर गांव में शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चल रहे महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यज्ञ के दूसरे दिन शनिवार को यज्ञस्थल पर काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यज्ञ के हवन की आहुति और मंत्रोच्चार से आसपास का पूरा वातावरण धार्मिक बना हुआ है। सुबह पांच बजे से लेकर देर रात तक लोग यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर रहे हैं।
परिक्रमा में महिला और पुरुष की भीड़ देखते ही बन रही है। यज्ञ वेदी का श्रद्धालु 11, 21 तो कोई 108 व 111 बार फेरे ले रहे हैं। यज्ञ समिति के सदस्यों ने श्रद्घालुओं के दर्शनार्थ यज्ञ मंडप को बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया है। बिजली की चकाचौंध और आकर्षक सजावट लोगों को अनायास रुकने पर मजबूर कर रही है। मानस पाठ, अखंड रामधुन, सुगंधित धूप की खुशबू यज्ञ स्थल के चारों ओर फैलने लगी है। यज्ञ स्थल पर अनेक दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रहती।
आयोजकों ने यज्ञ स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई नहीं हो, उसके लिए महाप्रसाद व पेयजल की व्यवस्था भी की है। प्रतिदिन यज्ञ मंडप पर पधारे श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं|
यज्ञ समिति के कोषाध्यक्ष संजय तिवारी ने बताया कि यज्ञ में स्थानीय आम नागरिकों का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से यज्ञ हो रहा है।