गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: आस्था और विश्वास का पर्व छठ उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया। pअहले सुबह सूर्यदेव का अर्घ्य देने के लिए विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ गया।
सूर्योदय से पहले ही हजारों की संख्या में लोग जिले के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंच गए थे। पहले जल में खड़े हो गए थे और जैसे ही आसमान में सूर्य की पहली किरण दिखाई दी।
सभी ने जयकारों के साथ भगवान सूर्य को प्रणाम किया और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान महिलाओं ने छठ पूजा से जुडे़ पारंपरिक लोकगीत गाकर छठ मैया व सूर्य की उपासना की गई। सुबह सवेरे यहां पर चारों तरफ अगरबत्ती की सुगंध फैली हुई थी।
इससे श्रद्धा व आस्था बनी हुई थी। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने परिवार के लिए मंगल कामना की और इसी साथ आस्था पर्व छठ संपन्न हो गया। छठ पर्व के चौथे एवं अंतिम दिन तड़के ही उगते सूरज को अर्घ्य देने के लिए व्रती और उनके परिजन अपने घरों से पूजा सामग्रियों के साथ घाटों पर पहुंचे और घुटने तक पानी में खड़े होकर व्रतधारियों ने सूप, बांस की डलिया में मौसमी फल, गन्ना सहित पूजन सामग्री और गाय के दूध से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और सुख समृद्धि की कामना की।