उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: सावन की आठवीं व अंतिम सोमवारी की शाम को बाबा औघड़दानी के दरबार में आस्था,भक्ति व समर्पण की त्रिवेणी बह चली।
तरह-तरह के फूलों व पत्तियों से सजे भोलेनाथ भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दीप,धूप,अगरबत्ती,इत्र व चंदन की खुशबू से पूरा वातावरण सुगंधित था। अवसर था मीरगंज स्थित प्राचीन औघड़दानी शिव मंदिर में बाबा के दिव्य महाश्रृंगार का।
इस अवसर पर पांच नदियों के जल से स्नान व गन्ने के रस, गाय की घी, दही, दूध आदि अभिषेक कर भोलेनाथ का गुलाब, गेंदा, कमल, बेली, अपराजिता, अकवन से दिव्य महाशृंगार किया गया। विशेष रूप से अकवन के फूलों से सजाया सजावट की गई। साथ ही मां पार्वती का भी श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जलाभिषेक भी किया गया।
कई प्रकार के मिष्ठान्न व फलों का भोग भी अर्पित किया गया। इसके बाद महाआरती की गई। महिला श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा थी। महाशृंगार के बाद दर्शन के लिए बाबा का द्वार खोल दिया गया।महा श्रृंगार कमेटी के कान्हा जयसवाल व विजय सोनी के नेतृत्व में किया गया।
महाकालेश्वर के रूप में सजे बाबा
मीरगंज शहर के मिल रोड में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सावन की अंतिम सोमवार को भोलेनाथ का श्रृंगार किया गया। बाबा को महाकालेश्वर के रूप में सजाया गया| इसके पूर्व बाबा का विधि -विधान से जलाभिषेक किया गया।
साथ ही कई प्रकार के फलों व मिठाई से भोग लगाया गया। महाआरती में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिव भक्तों ने बाबा दरस -परस कर परिवार की मंगल कामना की। बाद में भक्तों ने महा प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान समूचा मिल रोड भक्तिमय हो गया। व्यवस्था में महेंद्र सोनी, संजय सोनी, अभिषेक सोनी, गणेश प्रसाद, जितेंद्र सोनी, ओमप्रकाश सोनी, मैनेजर सोनी आदि लगे रहे।