गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के विश्वभरपुर थाना क्षेत्र के विनोद मटिहनिया गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक दंपति को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। जख्मी लोगों को इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में दोनों का इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव के तारकेश्वर मिश्रा की जमीन पर उसके पट्टीदारों की नजर है। वह उसकी संपत्ति को हड़पने चाह रहे हैं। इसका विरोध करने पर उक्त लोगों ने गाली गलोज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर तारकेश्वर मिश्रा और उनकी पत्नी सुनैना देवी पर लाठी डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर घटना को अंजाम दिया।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से मामले को शांत कराया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया। घटना की सूचना घायलों ने पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।