- मीरगंज थाना परिसर में एक माह से लगा है जलजमाव
मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर परिषद मीरगंज की उदासीनता का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले डेढ़ वर्ष से नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डो के लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही है। जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हैं। मच्छरों के प्रकोप को कम करने की दिशा में फॉगिग मशीन का इस्तेमाल तीन माह से नहीं हो पाया। शहर के कई वार्डो के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव दूर करने में नगर परिषद प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
इससे वार्ड वासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। वार्ड संख्या दो,11 और 12 के विभिन्न हिस्सों में नालों की कमी से लोगों को घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। नगर प्रशासन बरसात से पहले वार्ड क्षेत्रों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने में विफल साबित हुआ है।
इससे हल्की बारिश के बाद ही शहर के विभिन्न वार्डो में जलजमाव की समस्या विकट हो जा रही है। सबसे अधिक परेशानी शहर के रजिस्ट्री कचहरी रोड, थाना रोड, स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस रोड, सब्जी मंडी के पीछे, थाना परिसर की है जहां जलजमाव से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है|
थाना परिसर से पंपसेट लगा कर निकाला जा रहा पानी : मीरगंज थाना परिसर में बारिश के बाद जलजमाव के ऐसे हालत बने है कि पुलिस कर्मी से लेकर पुलिस अफसर तक मुश्किल में आ गए है| जलजमाव के कारण पिछले सप्ताह आधा दर्जन पुलिस कर्मी मलेरिया के शिकार हो गए थे| वर्तमान में पुलिस कर्मी पानी से घिरे हुए है| हालांकि नगर प्रशासन लगातार पानी निकालने का प्रयास कर रहा है| इसके लिए पंपसेट लगाया गया है|
वहीं इस बारे में मीरगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री अजीत कुमार शर्मा ने बताया कि शहर के जलजमाव वाले क्षेत्र को चिन्हित कर जल निकासी का काम किया जा रहा है| थाना परिसर में पंपसेट लगाया गया है जिससे पानी निकाला जा रहा है| नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है| जल्द ही लोगों को इससे निजात मिल सकेगी|