मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मीरगंज के जिगना ढ़ाला स्थित महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। मौके पर प्राचार्य सुनीता राय एवं सरोज देवी, प्रियंका,सुरुचि वर्मा आदि शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सुबह में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और सरस्वती माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद वैदिक विधि विधान के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन का उद्देश्य बच्चों को योग के बारे में जागरूक करना और उसे होने वाले फायदों के बारे में बताना था।
मौके पर प्राचार्या सुनीता राय ने कहा कि मन और तन को स्वस्थ रखने का योग अपने देश का एक अनुपम प्राचीन परंपरा है जिसको मनोयोग से करने से लाभ ही लाभ है। उन्होंने कहा कि योग तन व मन के बीच सामंजस्य स्थापित करने का एक शाश्वत साधन है जिसके नियमित अभ्यास से मनुष्य में एक नई आत्म चेतना जागृत होती है। वही आचार्य सरोज देवी ने कहा कि हमारे बदलते जीवन शैली में योग चेतना बनकर हमें जलवायु परिवर्तन , प्रकृति की खोज जैसे कई समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है। इस मौके पर छात्र छात्राओं को कई प्रकार के योग सिखाए गए और इससे होने वाले लाभों को बारे में उन्हें बताया गया।
माधव नगर से आए आचार्यो ने सिखाए बाल उपयोगी योगासन।
इस मौके पर मीरगंज नगर के साईं मंदिर के पास संस्कार केंद्र पर योग कार्यक्रम का आयोजतन हुआ जिसका नेतृत्व महावीरी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, माधव नगर, सिवान से आए आचार्य विजय कुमार गुप्ता ,वीरेंद्र जी, और कुसुम जी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर शिक्षकों ने योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आत्मिक फायदों के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर अल्पाहार के रूप में विद्यालय प्रशासन के द्वारा चना और गुड़ का वितरण भी किया गया।