गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज में बुधवार को नाव हादसा हुआ है। इसमें पुलिस के एक जवान की डूबकर मौत हो गई। वहीं तीन जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसा जादवपुर के राजवाही गांव में हुआ है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गंडक नदी के रास्ते शराब तस्करी हो रही है। इन्हीं को पकड़ने के लिए पुलिस टीम नाव पर सवार थी।
इसी दौरान नाव पलटते ही सभी पुलिसकर्मी नदी में डूब गए। हालांकि, इनमें से कुछ पुलिसकर्मी तैरकर बाहर आ गए। लेकिन चार जवान बाहर नहीं निकल पाए। बाद में इन चारों में से एक जवान की लाश बरामद हुई। मृतक जवान की पहचान गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र निवासी मोहन ठाकुर के पुत्र राजेश कुमार (36 साल) के रूप में हुई। वह सिपाही के पद पर तैनात था।
इधर, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
DM-SP ने कहा – हादसे की जांच कराएंगे
डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने बताया कि यादोपुर पुलिस को शराब तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद जांच के लिए पुलिस दल जा रही थी। तभी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें नाव सवार 4 पुलिसकर्मी डूब गए। इनमें 3 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं एक सिपाही की मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से राजेश कुमार को मृत अवस्था में बाहर निकाल लिया गया।
डीएम ने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी। शव को फिलहाल सदर अस्पताल में रखा गया है। परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर सलामी के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं एसपी आनंद कुमार ने बताया कि दुखद घटना हुई है, जिसमें एक पुलिस जवान की मौत हो गई है। मामले की जांच की जाएगी।