उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के बंकीखाल गांव के टोला भेड़िहारी में दबंगों ने एक परिवार पर हमला बोल कर अधेड़ सहित एक महिला को जख्मी कर दिया|
गंभीर रूप से जख्मी उत्तम पाल को हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां इलाज चल रहा है| घटना का कारण बच्चों का विवाद बताया जा रहा है|
जख्मी उत्तम पाल ने उचकागांव थाने में आवेदन दिया है जिसमें मीरगंज थाने के पिपरा खास निवासी विक्की दुबे,प्रकाश दुबे व शम्भू दुबे को आरोपित किया है।
लिखित आवेदन में कहा है कि विक्की दुबे,प्रकाश दुबे और शम्भू दुबे के साथ आधा दर्जन अज्ञात लोग हाथ में लोहे का रड व लाठी -डंडा लेकर उनके घर पर हमला बोल दिया| रड से प्रहार पर उत्तम पाल को जख्मी कर दिया गया | जब पति को बचाने उनकी पत्नी गई तो उसे भी पीटा गया|
इस दौरान उसके गले से मंगल सूत्र छीन लिया गया| साथ ही महिला के कपड़े भी फाड़ दिए गए| घटना को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए जबकि उन लोगों की बाइक छूट गई| जिसको पीड़ित परिवार वाले जब्त कर रखे है|
इधर, आवेदन के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है| प्रभारी थानाध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है| प्राथमिकी के बाद आरोपितों को पकड़ा जाएगा |