उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: उचकागांव पंचायत समिति की बैठक की तिथि प्रखंड प्रमुख द्वारा निर्धारित करने के बावजूद बैठक आयोजित नहीं करने पर उचकागांव प्रखंड प्रमुख ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग की है।
बताया जा रहा है कि प्रखंड पंचायत समिति के अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख विश्वजीत कुमार यादव ने बीते 22 नवंबर को प्रखंड मुख्यालय पर पंचायत समिति की बैठक आयोजित करने की तिथि निर्धारित करते हुए पंचायत समिति के कार्यपालक पदाधिकारी सह बीपीआरओ आदित्य अंशु को तिथि से 16 दिन पहले पत्र जारी किया था।
सात नवंबर को जारी पत्र में प्रखंड प्रमुख ने बीपीआरओ को सभी पंचायत समिति सदस्य, संबंधित सदस्यों एवं पदाधिकारीयों को सूचना देने के लिए पत्र जारी करने का निर्देश दिया था। निर्धारित तिथि 22 नवंबर को जब प्रखंड प्रमुख प्रखंड मुख्यालय पर पहुंचे तो सदस्यों के मुख्यालय नहीं पहुंचने पर सदस्यों से मोबाइल पर संपर्क करना शुरू किया। तो पता चला कि सदस्यों को प्रखंड कार्यालय से इस संबंध में न तो कोई जानकारी दी गई है और न ही कोई पत्र जारी किया गया है। जिसे गंभीरता से लेते हुए प्रखंड प्रमुख विश्वजीत यादव ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी आदित्य अंशु को पत्र जारी किया है।
जिसमें उन्होंने लिखा है कि आपके इस रवैये से प्रखंड स्तर पर बनाई जा रही विकास योजनाएं बाधित हो रही हैं। साथ ही आपके कर्तव्यनिष्ठा और उत्तरदायित्व पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है।