गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज में पांच दिनों से लापता पुजारी मनोज साह (32) का शनिवार को शव बरामद किया गया है। परिजन के मुताबिक, उसकी हत्या की गई है। मृतक बीजेपी के एक नेता का भाई है। घटना के बारे में मृतक के भाई ने बताया कि उसके गले को काटा गया है और उसकी आंखें भी निकाल ली गई और जीभ भी काट दी गई। मृतक पुजारी दानापुर गांव का रहने वाला है।
वहीं, पुजारी का शव मिलने के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की। स्थिति को नियंत्रण करने गई पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया। इसमें एसडीपीओ के गार्ड घायल हो गए।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने भी फायरिंग की। इससे लोग और आक्रोशित हो गए। फिलहाल शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इलाके में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
भाजपा नेता का भाई था मृतक पुजारी
मृतक पुजारी भाजपा के मंडल अध्यक्ष और पूर्व मुखिया अशोक साह का भाई है। अशोक साह ने बताया कि पांच दिन पहले भाई मंदिर से गायब हो गया था। इसे लेकर स्थानीय थाना में लिखित आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आज उसका शव गांव के ही खेत में मिला है।
मंदिर की जमीन जोता जा रहा था
भाई ने बताया की पिछले चार-पांच साल से इस मंदिर का देखभाल पुजारी कर रहा था। कुछ लोग मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। मंदिर में जब भी कुछ कार्यक्रम होता था तो वे लोग इसका विरोध भी करते हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ जमीन मंदिर के लिए खरीदा गया था, जिस पर कुछ लोग खेत जोतना शुरू कर दिया। इसे लेकर अक्सर वहां तनाव बना रहता था।
क्या कहा पुलिस ने-
एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि पुजारी का शव मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भड़कुईया गांव के पास से बरामद किया गया है। जिसके बाद लोग हंगामा करने लगे। सूचना मिलने के बाद हम लोग पुलिस बल के साथ मौके पहुंचे।
वहां हमने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण करने के लिए हम लोगों ने फायरिंग की। एसडीपीओ के मुताबिक, अभी इलाके में स्थिति कंट्रोल में है। जाम भी हटा दिया गया है।