गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के बंजारी न्यू बाईपास पर सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के सिपाया गांव का अनिल कुमार कुशवाहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया। नगर थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात अनिल कुमार कुशवाहा मीरगंज में किसी से मिल कर वापस अपने घर लौट रहा था। इस बीच वह जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के बंजारी न्यू बाईपास पर पहुंचा कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। जिससे वह मौके पर ही दम तोड़ दिया। उस रास्ते से होकर गुजर रहे लोगों ने हादसे के शिकार युवक को देखा तो इसकी जानकारी नगर थाना की पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। फिर युवक की पहचान होने के बाद घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। गुरुवार की सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिवार के हवाले कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद बाइक सवार युवक का शव जब उसके घर पहुंचा तो उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार के सदस्य दहाड़ मार कर रोने लगे। आसपास के लोग परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। लेकिन उनके आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था।