उचकागांव थाने में एफआईआर दर्ज
उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में शनिवार को पति -पत्नी सुसाइड मामले में अब नया मोड़ आया है। फांसी लगा कर आत्महत्या करने वाली विवाहिता पिंकी सिंह के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में मृतका के भाई सत्यप्रकाश राव ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया है जिसमें आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या बाइक और व्यवसाय के लिए तीन लाख रुपये नगद की मांग पूरी नहीं होने के कारण गला दबाकर की गई है।
बताया जा रहा है कि पश्चिमी चंपारण जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र के लगुनहा गांव के भूपनारायण सिंह की बेटी पिंकी सिंह का विवाह बीते 22 फरवरी 2023 को थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव के रामाधार सिंह के बेटे रंगीला सिंह उर्फ प्रिंस सिंह का साथ हुई थी। शादी के समय विवाहिता के परिजन उपहार स्वरूप पांच लाख रुपये नगद और पांच लाख रुपये के सामान दिए थे।
शादी के एक माह बाद तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा। उसके बाद विवाहिता के ससुराल वालों ने एक बाइक और व्यवसाय के लिए तीन लाख रुपये नगद की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। जिससे तंग होकर विवाहित अपने मायके में जाकर रहने लगी। बाद में दो माह पूर्व विवाहिता के मायके पहुंचे ससुराल वालों ने ऐसी घटना फिर नहीं होने का आश्वासन देते हुए विवाहिता पिंकी सिंह को बुलाकर ससुराल लेते आए। इसके बाद फिर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
इस दौरान बीते शनिवार को विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वही साक्ष्य छुपाने के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता का दाह संस्कार करने का प्रयास किया जा रहा था। तभी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में मृतका की सास सुनीता देवी, पति रंगीला सिंह उर्फ प्रिंस सिंह, ननद सोनाली कुमारी, ससुर रामाधार सिंह सहित पांच लोगों के विरुद्ध एफआईआर की गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।