गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के मुकेरि टोला गांव में एक महिला की जलाकर हत्या करने का आरोप उसके मायके वालों ने ससुराल के लोगों पर लगाया है। इस घटना में नगर थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
नगर इंस्पेक्टर ललन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पता चला कि 3 जनवरी को ठंड से बचने के लिए महिला आग ताप रही थी। इस दौरान उसके शरीर में आग लग गई थी। जिससे वह झुलस गई थी। इलाज के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर कर दिया था। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में झुलसी महिला का इलाज चल रहा था। इलाज के क्रम में रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। परिवार के सदस्य को लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकले हुए थे।
इस बीच मृतका के मायके वाले नगर थाना को सूचना दिए की दहेज व अवैध संबंध का विरोध करने को लेकर ससुराल वालों ने महिला के शरीर में आग लगाई थी। जिसकी मौत इलाज के दौरान गोरखपुर में हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस तुरकहा पुल के पास पहुंची और अंतिम संस्कार के लिए रखे गए शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। जहां डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। फिर मायके वालों के हवाले कर दिया। उधर महिला की मौत के बाद उसके मायके वालों में कोहराम मचा हुआ है।