गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता : फुलवरिया थाना क्षेत्र के पकौली बदो गांव के पोखरे में डूबने से एक के 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।
मृतक फुलवरिया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव निवासी हमराज अली का 12 वर्षीय बेटा राशिद अली था। घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि मृतक राशिद अली गुरुवार की सुबह घर से गायब हो गया। गायब होने के बाद काफी देर तक जब अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।
परिजनों ने काफी खोजबीन की।खोजबीन के दौरान उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह परिजन खोजते हुए पकौली बदो गांव स्थित पोखरे के पास पहुंचे। जहां उसका चप्पल और कपड़ा रखा हुआ था। परिजनों ने पोखरे में तलाश की तो उसका शव बरामद हुआ।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजन ने बताया कि वह गुरुवार की सुबह अपने दो दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था। इसी बीच वह पोखरे में नहाने के दौरान डूब गया और दोनों दोस्त वहां से भागकर घर आ गए। लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया।
इधर वे लोग काफी खोजबीन कर रहे थे। लेकिन उसके दोस्तों ने कुछ बताया नहीं। पोखरे के पास उसका कपड़ा और चप्पल देखकर पोखरे में खोजबीन करने के बाद शव मिला। मृतक तीन भाइयों में मांझला था। जो नौवीं का छात्र था। उसकी मौत होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग शव को देखने के लिए उसके दरवाजे पर जुटे हुए थे।