गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: शहर के सरेया वार्ड संख्या छह में किराए के मकान पर रहने वाली एक किशोरी का जन्मदिन बुधवार को था। इस दौरान किशोरी अपने दोस्तों से फोन पर बात करने के साथ ही केक काटने के बाद अपने कमरे में चली गई। इसी बीच किशोरी की मां का प्रेमी वहां पहुंचा। इस दौरान मां के प्रेमी को देखकर किशोरी ने उसे बैठने को कहा। लेकिन किशोरी पर प्रेमी की गंदी नजर थी।
इस बीच किशोरी की हत्या कर आरोपित ने उसके शव को फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरौली थाना क्षेत्र के सरफरा गांव निवासी सरफुद्दिन मियां अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते है। उनकी बेटी 15 वर्षीय अफसाना खातुन अपनी छोटी बहन के साथ शहर के सरेया वार्ड संख्या छह स्थित किराए के मकान पर रहती थी।
इस दौरान अफसाना खातुन व उसकी बहन की देखरेख उसकी मां का प्रेमी करता था। अफसाना उसे अंकल कहकर संबोधित करती थी। बुधवार को अफसाना खातुन का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर अफसाना अपनी दोस्तों से फोन पर बात करने के बाद शाम को केक काटने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए जा रही थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अफसाना से उसकी मां का प्रेमी हमेशा मिलने व देखरेख करने के लिए आता था। बुधवार की रात को भी वह आया। इस दौरान अफसाना की छोटी बहन मकान के नीचे बैठी थी। इसी बीच मां का प्रेमी उसके साथ अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया। लेकिन अफसाना ने मना कर दिया।
इस बात से नाराज होकर आरोपित ने गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद शव को रस्सी का फंदा बनाकर लटका दिया तथा उसकी छोटी बहन को बुलाकर दिखाया कि देखो तुम्हारी बहन फांसी लगाकर जान दे दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद अफसाना के रिश्तेदार मौके पर पहुंच कर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार राय ने बताया कि मृत किशोरी की मां दिल्ली से आ रही है। उनके आने के बाद आवेदन के आधार पर प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।