गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव निवासी एक पुजारी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक युवती समेत तीन लोगों से पूछताछ के लिए थाना लाई है।
इसके बाद तीनों से पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। साथ ही कई अहम बिंदुओं पर जानकारियां भी इकट्ठा कर रही है। वहीं पुलिस द्वारा मंदिर में लगाए गए सीसीटीवी को भी खंगाल कर जांच कर रही है।
दरअसल इस मामले में बताया जाता है कि पिछले रविवार की रात एक पुजारी मंदिर से अचानक गायब हो गया था। जिसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन की। खोजबीन के बाद जब उसका कही पता नहीं चला तो मृतक मनोज के भाई भाजपा नेता अशोक साह ने स्थानीय थाना में लिखित आवेदन दिया। लेकिन पांच दिन बाद उसका शव उसी के गांव में खेत से पुलिस ने बरामद किया।
शव बरामद होते ही लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। लोग आक्रोशित होकर सड़क जाम और आगजनी कर भारी बवाल काटे। वहीं रविवार को प्रभारी एसपी, एसडीपीओ मामले की तहकीकात करने मृतक के घर पहुंचे। इस दौरान परिजनों और मृतक के दोस्तों के अलावा मृतक के साथ मंदिर में सोने वाले दो युवकों से पूछताछ की। प्रेम-प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर बातचीत की।
इस मामले में प्रभारी एसपी हृदय कांत ने बताया कि मृतक मनोज मंदिर के पुजारी नहीं थे, बल्कि केयर टेकर के रूप में रहते थे। दस तारीख को रात में मनोज साह गायब हो गए थे। जांच और मंदिर में लगे सीसीटीवी में साफ देखा गया कि वह खुद ही मंदिर के दरवाजे में लॉक कर कहीं जा रहे थे।
इसके बाद उनकी हत्या की गई। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। मंदिर के संबंधित भूमि विवाद का भी मामला सामने आया है। उनके विवादों के बारे में भी छानबीन की जा रही है।