उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय प्रखंड के त्रिलोकपुर के छठ घाटों का निरीक्षण गुरूवार को सीओ रविश कुमार, थानाध्यक्ष किरण शंकर, प्रखंड उप प्रमुख कालीकेश्वर रावत ने किया | इस दौरान अफसरों ने विधि व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही खतरनाक छठ घाटों पर बैरिकेडिग करने का निर्देश दिया।
छठ घाट निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव, रोजगार सेवक के अलावे अन्य भी मौजूद रहे। उप प्रमुख ने बताया कि सभी छठ घाट पर पानी में बांस बल्ली लगाई गई है। ताकि कोई गहरे पानी में ना जा सके। सभी छठ घाट पर सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वही व्रतियों के लिए कपड़ा बदलने, सामग्री रखने सहित अन्य तरह की सुविधाओं को भी उपलब्ध करा दिया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी मुख्य स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। साथ ही मजिस्ट्रेट भी प्रतिनियुक्त है। छठ महापर्व को लेकर गृह मंत्रालय द्वारा जारी गाइड लाइन की जानकारी सभी जनप्रतिनिधियों को बीते दिन हुई बैठक में दे दी गई है।
इसके अलावा व्रतियों को कोरोना से बचाव के लिए छठ घाटों पर जागरूकता पोस्टर लगाए जायेंगे। कई गांवों में सड़कों पर भी सफाई का कार्य किया जा रहा है। ताकि व्रतियों को आने जाने में कोई परेशानी ना हो।