गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के ख्वाजेपुर गांव में कुर्सी पर बैठने के विवाद को लेकर एक अधेड़ की मार पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक स्वामीनाथ महतो था।
घटना की सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाना की पुलिस ने मामले की छानबीन की और शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने मोहित कुमार सिंह नामक एक नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि 7 मई को गांव में एक बारात आई हुई थी। बारात में कुर्सी पर बैठने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। उसी विवाद को लेकर 9 मई को सैकड़ों की संख्या में लोग स्वामीनाथ महतो के घर पर पहुंचे और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। मारपीट में स्वामीनाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
इस मामले में मृतक स्वामी नाथ महतो के पुत्र गोविंदा महतो के बयान पर थाने में 30 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जादोपुर थाना की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापामारी कर रही है।
उधर घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न है। वही नामजद आरोपी अपने अपने घरों को छोड़कर फरार हो गए हैं।