दरभंगा| व्हीएसआरएस न्यूज: लोगों में इंसानियत खत्म होती जा रही है| लोग आपदा में भी अवसर तलाशते रहते हैं| ऐसा ही मामला दरभंगा जिला के बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंटोर गांव से सामने आया है जहां गुरूवार की आधी रात पटाखे की चिंगारी की वजह से घर में आग लग गई थी| जिसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई थी| जब घर में आग लगी तो कुछ लोग ऐसे भी नजर आए जो पीड़ित परिवार के सदस्यों को बचाने के बजाए वीडियो बनाते रह गए| अगर सभी लोग एक साथ मदद करते तो कई जान बचाई जा सकती थी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका|
बता दें कि अंटोर गांव निवासी छगन पासवान की बेटी की शादी गुरुवार को थी| जहां बारातियों के द्वारा की गई आतिशबाजी के चलते बड़ा हादसा हो गया| जिसमें रामचंद्र पासवान के बेटे सुनील पासवान (28) और सुनील की पत्नी लाली देवी (25), सुनील की बहन कंचन देवी (25), कंचन देवी की बेटी साक्षी कुमारी (6) और कंचन के दो बेटे जिसमें दो माह का सिद्धार्थ और 4 साल के सुधांशु की आग में झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई थी|
घर में लगी आग तो लोग बनाते रह गए वीडियो
मृतक सुनील की चचेरी बहन ने बताया कि जिस वक्त आग लगी, उस वक्त सुनील अपने बच्चे और परिवार को बचाने में लगा था| इसी दौरान आग की चपेट में आ गया| वहीं, बांकी लोग वहां खड़े होकर वीडियो ही बनाते रह गए| यदि ये लोग भी मदद के लिए सामने आते तो सब की जान बचाई जा सकती थी| आलम यह है कि कंचन का घर सूना पड़ा हुआ है| उन्होंने बताया कि कंचन की शादी केवटी प्रखंड के दिघिया गांव में हूई थी| कंचन के पति इस उम्मीद के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी कर रहे थे कि पैसे जमा कर खुद का घर बना लेंगे| इसी आस में कंचन अपने मायके में रहती थी| अब तो हंसता-खेलता परिवार ही काल के गाल में समा गया|
बारातियों ने ग्रामीणों की नहीं सुनी एक भी बात
प्रत्यक्षदर्शी रविंद्र पासवान ने बताया कि सकरी छतवन से बाराती आए थे और पटाखे फोड़े जा रहे थे| ग्रामीणों ने मना भी किया गया, लेकिन बारातियों ने ग्रामीणों के तमाम बातों को नजरअंदाज कर पटाखे फोड़ते रहे| जब पटाखे की चिंगारी से आग लगी तो तेज लपटें उठने लगी| बचाने के लिए लोग दौड़े भी, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके| जिससे एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई| हालांकि, जिला प्रशासन ने हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है| इस अगलगी की घटना में रामचंद्र पासवान के पुत्र सुनील पासवान और उनकी पत्नी, बड़ी बेटी कंचन देवी और कंचन के तीन बच्चों की मौत हुई है|