मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज शहर में जाम की समस्या दिनोंदिन नासूर बनती जा रही है। हर रोज जाम लगने के कारण जनता हलकान हो गई है। जाम पर काबू पाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। शहर में जाम की समस्या आम हो गई है। यहां आए दिन लगने वाले जाम से लोगों का निकलना दुश्वार हो गया है।
आज मंगलवार को साहू जैन रेलवे ढाला, जयप्रकाश चौक, गल्ला मंडी, मरछिया चौक आदि स्थानों पर बड़े वाहनों के कारण भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। राहगीरों को भी मार्ग से गुजरने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां यातायात व्यवस्था भी फेल है। जाम लगने के कारण लोगों को हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हांलाकि जाम से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है लेकिन जाम के कारण पुलिस के जवान भी बेबस व लाचार है। इधर-उधर मार्ग पर वाहनों के खड़े कर देने से जाम की समस्या पैदा हो रही है।
शहर की व्यवस्था इस कदर लचर है कि वाहन चालकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। इसपर कोई रोक- टोक नहीं है। वाहन चालक अपनी मर्जी के मालिक है। वाहन को किसी भी स्थान पर खड़ा कर देते है। जिससे कुछ ही समय में जाम की स्थिति बन जाती है। यातायात पुलिस की तैनाती नहीं रहने से जाम उत्पन्न होती है। प्रशासन अगर यातायात पुलिस की व्यवस्था करती है तो जाम से लोगों को निजात मिल सकता है।