पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: ब्रिटेन में वैश्विक महामारी कोरोना के नए स्ट्रेन मिलने के बाद से बिहार लौटने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। दो जनवरी तक 246 यात्री बिहार लौटे हैं। इनमें से 37 यात्री बिहार लौटने के बाद कहां हैं, यह जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है। उनकी तलाश पिछले चार दिनों से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई पता नहीं चला है। इस बीच केंद्र सरकार ने छह और ब्रिटेन से लौटे यात्रियों की सूची प्रदेश सरकार को सौंपी है, जिनमें चार पटना जिले के हैं।
246 यात्रियों में से 37 लापता, खोज जारी
मिली जानकारी अनुसार राज्य स्वास्थ्य समिति को दो जनवरी को 239 यात्रियों की सूची सौंपी गई थी, जिनकी संख्या अगले ही दिन नए यात्रियों की वापसी के साथ बढ़कर 246 हो गई। स्वास्थ्य समिति के अनुसार 246 यात्रियों में से 209 की पहचान तत्काल हो गई, लेकिन 37 यात्री लापता पाए गए हैं।
लापता यात्रियों के बंद हैं मोबाइल फोन
इसके बाद उनकी खोज-खबर की जिम्मेदारी स्वास्थ्य समिति ने जिलाधिकारियों को सौंपी। निर्देश दिया गया कि पुलिस की सहायता लेकर लापता यात्रियों की खोज की जाए और उनके आरटीपीसीआर सैंपल लेकर टेस्ट कराए जाएं। सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य समिति के निर्देश के कई दिन बाद भी लापता यात्रियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। लापता यात्रियों के मोबाइल फोन लगातार बंद हैं। इस वजह से इनकी खोज-खबर नहीं हो पा रही है। फिलहाल तलाश जारी है।
यात्रियों में नहीं मिले कोरोना के नए स्ट्रेन के लक्षण
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो ब्रिटेन से लौटे यात्रियों में से अब तक 153 के सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच कराई गई है। सुखद यह है कि किसी में कोरोना या कोरोना के नए स्ट्रेन के लक्षण नहीं पाए गए हैं। शेष यात्रियों की जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को मिली छह नए यात्रियों की सूची
आपको बताते चले की कल बुधवार को ब्रिटेन से और छह यात्री बिहार लौटे हैं। उनमें चार पटना के हैं। मधुबनी-समस्तीपुर के एक-एक यात्री हैं। राज्य स्वास्थ्य समिति ने उन सभी के सैंपल लेने के लिए जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश जारी कर दिए हैं। नए यात्रियों के लौटने के साथ ही बिहार में ब्रिटेन से लौटे यात्रियों की संख्या 252 हो गई है।