पटना। व्हीएसआरएस न्यूज: राज्य का मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव आया है। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। इस तरह राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आकाश में बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में बादल गरजने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। कुछ जिलों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण बिहार के आकाश में घने बादलों का बनना शुरू हो गया है, इस कारण बारिश की संभावना काफी बढ़ गई। मालूम हो कि बिहार से मानसून लौट चुका है। यह बारिश मानसून के बाद की होगी। इससे फसलों पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। खासकर धान की फसल अब पकने की कगार पर है। ऐसे में यह बारिश उसके लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। हालाकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश काफी हल्की होगी। इससे धान की फसल को ज्यादा नुकसान होने की आशंका नहीं है।
आपको बताते चलें कि मौसम में बदलाव का असर राजधानी में भी दिखाई दे रहा है। सुबह में तो शहर का मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आकाश में बादलों ने डेरा जमा लिया। राजधानी के तापमान में भी शुक्रवार को दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुवार को शहर का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। शनिवार को भी आकाश में बादल छाए रहेंगे।