गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के हजियापुर वार्ड नंबर 27 मोहल्ले में शनिवार की देर रात पति से फोन पर झगड़ा होने के बाद पत्नी ने फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतका हजियापुर वार्ड नंबर 27 मोहल्ले के अनिल सिंह की पत्नी पुष्पा देवी थी। रविवार की सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार राय ने बताया कि पुष्पा देवी की सऊदी अरब में रहने वाले उसके पति से शनिवार की रात फोन पर किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद पत्नी नाराज हो गई और अपने कमरे में सोने के लिए चली गई। सुबह में उसकी पुत्री, पुत्र व देवर कमरा खोलने का प्रयास किए। लेकिन अंदर से कमरा बंद होने के कारण नहीं खुल सका तो परिवार के सदस्यों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए आसपास के लोगों को बुलाया और उनकी मदद से दरवाजे को तोड़ा गया। दरवाजा जब टूटा तो देखा गया कि महिला दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर कमरे में लगे पंखे से झूल गई है। फिर घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंखे से नीचे उतर कर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच के दौरान पता चला कि व्हाट्सएप पर पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसी से नाराज होकर महिला ने आत्महत्या कर ली है। उधर महिला के आत्महत्या करने के बाद उसकी दस वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी व आठ वर्षीय पुत्र का रो रो कर बुरा हाल है।
वहीं महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी रो बिलख रहे थे। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद महिला के घर पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई थी।