नवादा| व्हीएसआरएस न्यूज: पटना-रांची एनएच 31 पर बिहार-झारखंड सीमा पर गुरुवार की अल सुबह दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक ट्रक के चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों घायलों को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बाहर निकालने में स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस पहुंची। दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने चालक को नवादा रेफर कर दिया। जबकि उपचालक का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी में थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि बिहार-झारखंड की सीमा पर दो ट्रकों की जबरदस्त भिड़ंत हुई है। उसमें दो लोग फंसे हुए हैं। इस सूचना के आलोक में गश्ती कर रहे एएसआइ काशीनाथ झा को दल-बल के साथ भेजा गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में ट्रक के चालक नवादा जिले के झिकटोरा गांव के रामानुज यादव और उप चालक अकबरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी मंटू यादव शामिल हैं। चालक राम अनुज यादव की स्थिति काफी गंभीर थी। उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा भेजा गया है। दोनों घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दोनों ट्रकाें को जब्त कर लिया है। दूसरी ट्रक के चालक व खलासी बाल-बाल बच गए।
आपको बताते चले कि उपचालक मंटू यादव के अनुसार चालक रामानुज यादव ट्रक में सो रहा था। इस दौरान गाड़ी वही चला रहा था। तभी कोडरमा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसे चकमा दिया। इससे संतुलन बिगड़ने के कारण दूसरे ट्रक में टक्कर लग गई। बताया जाता है कि हादसे के बाद स्थानीय लोग दौड़े। चालक व खलासी ट्रक में फंसे कराह रहे थे। उन्हें बाहर निकालने में लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया। तब तक पुलिस भी पहुंच गई।