गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: केन्द्र सरकार द्वारा आयुर्वेद डॉक्टरों को सर्जरी करने की इजाजत देने के खिलाफ गोपालगंज में सदर अस्पताल के ओपीडी वार्ड के डॉक्टर हड़ताल पर रहे। डॉक्टरों की हडताल के कारण इलाज कराने पहुंचे मरीजों को बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल के ओपीडी के डॉक्टरों के साथ-साथ प्राइवेट क्लीनिक के डॉक्टरों ने भी हड़ताल का समर्थन किया है। हड़ताल के दौरान सदर अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड व कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच की गई। शुक्रवार को सुबह नौ बजे से ही मरीज इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल में पहुंचे थे। मरीज ओपीडी वार्ड में पुर्जा कटाने के लिए पहुंचे तो उन्हें पता चला कि डॉक्टर हड़ताल पर हैं। इसके बाद काफी देर तक मरीज सदर अस्पताल में डॉक्टरों के आने का इंतजार करते रहे।
आपको बताते चलें कि दोपहर तक कोई डॉक्टर नहीं आए तो मरीजों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। ओपीडी वार्ड में इलाज कराने पहुंचे सैकड़ों मरीज को हड़ताल के कारण निराशा ही हाथ लगी। बताया जाता है कि हड़ताल में आईएमए समेत विभिन्न संगठनों के अह्वान पर डॉक्टर हड़ताल पर गए थे।