नवादा| व्हीएसआरएस न्यूज: नगर थाना क्षेत्र के गोनावां में एक बालक की हत्या का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को गोनावां में खुरी नदी किनारे दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया। दंडाधिकारी रीना व्यास की मौजूदगी में पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक बालक गोपाल कुमार (12) गोनावां गांव के पंकज सिंह का पुत्र था। दरअसल, शव को दफनाने के बाद स्वजनों को हत्या की अाशंका हुई थी। जहां शव मिला था, वहां खून देखकर स्वजनों ने ऐसी संभावना जताई है। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। तब शव निकलवाया गया। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नाले से मिला था बच्चे का शव
इस बारे में परिजनों ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब दो बजे गोपाल घर से निकला था। इसके बाद लौट कर नहीं आया। स्वजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए थे। हर तरफ उसकी खोजबीन की जा रही थी। इसी क्रम में रात करीब नौ बजे घर के ठीक बगल में नाले में उसका शव बरामद किया गया। इसके बाद स्वजन उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद स्वजन शव लेकर घर आए और रात में ही आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
नाले से लेकर पास की झोपड़ी तक थे खून के निशान
आज गुरुवार को नाली के पास खून के धब्बे मिले। इस पर लोगों को शंका हुई। आसपास छानबीन की तो घर से कुछ दूरी पर एक झोपड़ी में खून के निशान मिले। तब स्वजनों को हत्या की आशंका हुई। तत्काल इसकी सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई। इसके बाद सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद, बीडीओ कुमार शैलेंद्र, एसआई नरोत्तम पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इधर घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। शव निकलने पर एक बार फिर माहौल गमगीन हो गया।