पटना| व्हीएसआरएस न्यूज: बिहार में पहली बार प्रवासी पक्षियों की बड़ी मौजूदगी के बीच इस माह तीन दिनों का पक्षी उत्सव मनाया जाएगा। कुछ दिन पहले भागलपुर जिले में छोटे पैमाने पर इस तरह का एक उत्सव मनाया गया था पर यह पहला मौका होगा जब 15 से 17 जनवरी तक राज्य स्तरीय पक्षी महोत्सव का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी को इस उत्सव में शामिल होंगे।
वही पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक सिंह ने बताया कि जमुई से 30-35 किमी की दूरी पर नागी और नकटी है, यहां जल संसाधन विभाग का डैम है। हर साल बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी यहां आते हैं। इसी को ध्यान में रख यह तय किया गया कि बिहार का पहला पक्षी उत्सव यहां आयोजित किया जाए। प्रकृति के बीच पर्यटन के लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण है। अभी हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में पक्षी उत्सव का आयोजन होता है। पिछले वर्ष फरवरी में इस विषय पर गुजरात में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था।
पक्षी उत्सव में बिहार आने वाले प्रवासी पक्षियों के बारे में जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा बच्चों के लिए खेल-कूद और साइकिल चलाने की प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। पक्षी उत्सव का नाम ‘कलरव’ रखा गया है। पक्षियों और प्रकृति में रुचि रखने वाले लोग इस तीन दिवसीय आयोजन में शामिल हों इसके लिए नागी में पक्षी ग्राम बनाया गया है। यहां लोगों के रहने का इंतजाम किया गया है।
आपको बताते चले की विभाग की योजना है कि अब हर वर्ष अलग-अलग जगहों पर जनवरी महीने में पक्षी उत्सव का आयोजन किया जाए। इस मौसम में बिहार के कई जगहों पर प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है।