मुंबई। व्हीएसआरएस न्यूज़ : अभिनेता से नेता बनी उर्मिला मातोंडकर करीबन 20 महीने बाद अपनी दूसरी राजनीतिक पारी शिवसेना के साथ शुरू करने जा रही हैं। मंगलवार १ दिसंबर को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी हर्षल प्रधान ने कहा कि राज्यपाल के कोटे से विधानपरिषद में नामांकन के लिए मातोंडकर का नाम शिवसेना द्वारा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को भेज दिया गया है।
पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यानी 27 मार्च 2019 को कांग्रेस में शामिल हुई उर्मिला ने मुंबई नार्थ सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, कड़ी मेहनत के बावजूद एक्ट्रेस यह चुनाव हार गईं। जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए 10 सितंबर 2019 को पार्टी छोड़ दी थी। इसके एक साल दो महीने बाद अब एक्ट्रेस फिर से अपनी राजनीतिक पारी शिवसेना के साथ शुरू कर रही हैं।
कैबिनेट मंत्री विजयवडेट्टीवार ने कहा था कि कांग्रेस ने उर्मिला को विधान परिषद सीट का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने राज्यसभा सीट की डिमांड की थी। शिवसेना ने उर्मिला के अलावा चंद्रकांत रघुवंशी, विजय करंजकर और नितीन बानगुडे पाटिल का नाम विधान परिषद के लिए भेजा है।