भभुआ| व्हीएसआरएस न्यूज: स्थानीय अंचल के सीओ विनोद कुमार सिंह ने अंचल के सभी हल्का कर्मचारियों के साथ मंगलवार को बैठक की। बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष में लगान वसूली में कमी को देखते हुए इस वित्तीय वर्ष में लगान वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा मिले निर्देश के आलोक में वसूली में भगवानपुर अचल जिला में पीछे हैं।
उन्होंने कर्मचारियों को जिला से आए वरीय पदाधिकारी या अंचल कार्यालय से मिले निर्देश का सख्त पालन करने के लिए हिदायत दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पता चला है कि दाखिल खारिज में हल्का कर्मचारियों के द्वारा पैसे की मांग की जाती है। इस तरह की कोई शिकायत मिली तो कोई भी कर्मचारी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों की दाखिल खारिज में विलंब नहीं करने व समय सीमा के अंदर दाखिल खारिज करने की बात कही। बिना सही कारण बताए दाखिल खारिज को निरस्त करने नहीं करने की भी उन्होंने हिदायत दी। इसके अलावा नामांतरण एलपीसी सहित अन्य कार्य जो आमलोगों से जुड़े हों उसे प्राथमिकता के आधार पर ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में हलका कर्मचारियों में परीखा सिंह, अरुण सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। बता दें कि सीओ के द्वारा लगातार हल्का कर्मचारियों के अलावा कार्यालय के कार्यों की निगरानी की जा रही है। इसके चलते अंचल कार्यालय के कर्मी अपना कार्य ससमय निष्पादन कर रहे हैं। बीते दिनों कार्यपालक सहायकों की हड़ताल के समय सीओ ने अपने स्तर से अंचल कार्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था करा कर लोगों के कार्यों का निष्पादन कराया था। इससे लोगों को काफी राहत मिली थी।