गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के कालोपट्टी गांव में प्रेम विवाह करने से नाराज भाइयों ने अपनी बहन को चाकू से मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जख्मी चांदनी देवी को इलाज के लिए हथुआ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका प्राथमिक उपचार हुआ। फिर वहां से बेहतर उपचार के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में चाकूबाजी में जख्मी चांदनी देवी का इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चांदनी अपने गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। करीब 3 वर्ष पहले चांदनी अपने गांव के युवक चंदन चौहान के साथ घर छोड़कर फरार हो गई थी। इसके बाद दोनों ने लव मैरिज कर लिया। इसके बाद दोनों पहले दिल्ली फिर फरीदाबाद उसके बाद हरियाणा में रहने लगे। घर से भागने के करीब 3 साल बाद दोनों सोमवार को अपने घर लौटे थे। इसकी जानकारी जब चांदनी देवी के मायके वालों को हुई तो उसके भाई चंदन के घर पहुंचे और मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट के क्रम में चांदनी देवी के ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। जख्मी हालत में परिवार के सदस्य उसे इलाज के लिए लेकर हथुआ अनुमंडल अस्पताल में पहुंचे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।
वहीं चांदनी देवी ने बताया कि प्रेम विवाह करने से उसके मायके वाले नाराज थे। इस कारण उसे चाकू मारकर जख्मी किया गया है। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार की रात ही मीरगंज थाना के पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। उधर सदर अस्पताल में तैनात नगर थाना की पुलिस भी चाकूबाजी में जख्मी चांदनी देवी का बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की करवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि चांदनी की एक डेढ़ साल की पुत्री भी है जो मारपीट के क्रम में घायल भी हो गई थी। घायल अवस्था में चांदनी को देखने के लिए उसके रिश्तेदारी के लोग भी सदर अस्पताल में पहुंचे थे।