मानपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: गया-मानपुर मुख्यमार्ग में भुसूंडा से मानपुर ब्लॉक तक सड़क के दोनों किनारे नाले के निर्माण चल रहा है। शुक्रवार की अलसुबह नाला निर्माण में लगे एक मजदूर को ट्रक ने कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना मुफस्सिल थाना के ठीक सामने की है। घटना के बाद से आक्रोशित मजदूरों एवं आसपास लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा। प्रशासन के समझाने व उचित मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम हटाया गया। मृतक सुदामा पासवान गुरुआ थाने के कनौदी गांव का रहने वाला था।
रात के समय में कराया जा रहा निर्माण
मिली जानकारी अनुसार मानपुर बाजार में सड़क के दोनों किनारे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। मार्ग के काफी व्यस्त रहने के कारण रात के समय निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें दो दर्जन से अधिक मजदूर काम करते हैं। इसी क्रम में सुबह में एक मजदूर को कुचलते हुए ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस को सूचना दी गई तो ट्रक के भागने की दिशा में पीछा किया गया। लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
सुरक्षा की व्यवस्था करे कंपनी
वही थानाध्यक्ष गुरुदयाल दास ने पहुंचकर जाम हटाने का प्रयास किया लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। गुस्साए मजदूरों का कहना था कि एक तो हमलोगों से रात में काम कराया जाता है लेकिन सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं होती। मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा दिए जाए ताकि उसके परिवार का गुजारा हो सके। इधर जाम के कारण गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
काफी मान-मनौव्वल के बाद लोगों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे की खबर मिलते ही सुदामा पासवान के घर में मातम पसर गया।