भभुआ। व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय प्रखंड के बेलांव बाजार स्थित सोन उच्चस्तरीय नहर पर बनी पुलिया से सोमवार को बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई, जिसमें दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वहीं बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोग दोनों को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मासूम की पहचान अर्णव उर्फ डुगू दुबे के रूप में हुई है। उसके नाना जितेंद्र दुबे भी डॉक्टर हैं।
डॉ. जितेंद्र दुबे की बेलांव बाजार में कैमूर मेडिकल हॉल नामक क्लिनिक है। सोमवार को क्लिनिक में काफी भीड़ थी, इसलिए उन्होंने अपने चालक संजय सिंह को बाइक से घर छोड़ने को कहा। थोड़ी देर बाद संजय ने फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और नाती व चालक का एंबुलेंस से बड़े अस्पताल में लेकर जाने की इच्छा जताई। इस बीच इलाज कर रहे डॉक्टर ने उनके नाती को मृत घोषित कर दिया। अर्णव के पिता भी चिकित्सक हैं।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही गांव-परिवार में कोहराम मच गया। बेलांव बाजार में भी मातमी सन्नाटा पसर गया। लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
इस बारे में थानाध्यक्ष सुहैल अहमद ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की जा रही है। घायल संजय का भी बयान लिया जाएगा। वह खरेंदा गांव का रहने वाला है। फिलहाल, आशंका जताई जा रही है कि कट मारने के चक्कर में बाइक का चक्का फिसल गया और उसपर सवार दोनों लोग वाहन के साथ पुल से नीचे गिर गए।