गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी और हत्या को आत्महत्या के रूप में बदलने के लिए कमरे में पंखे के लटका दिया। इसके बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद विजयपुर थाना अध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।
इसके बाद शव को पंखे के कुंडी से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। इस मामले में मृतका के भाभी ने थाने में उसके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम मामले की जांच करने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2015 में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपार रानी थाना क्षेत्र के बड़कागांव टोला मलवारी के रहने वाले स्वर्गीय रामअवतार प्रजापति की पुत्री अनीता देवी की शादी विजयपुर थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के राजनाथ प्रजापति के साथ वर्ष 2015 में हुई थी।
शादी के बाद से उसे कोई संतान नहीं था। इधर राजनाथ प्रजापति दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर उसने अपनी पत्नी अनीता देवी की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को अपने कमरे में ही लटका कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद विजयीपुर थाना के पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की और मृतका के मायके वालों को भी घटना के बारे में जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद मृतिका की भाभी दुर्गावती देवी अपने परिजनों के साथ पहुंची और इस मामले में उसने प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।वहीं नामजद आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना को अंजाम देने के बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश तेज कर दी है।