समस्तीपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: रोसड़ा डाकबंगला चौराहा के निकट शुक्रवार को विपरीत दिशा से आ रही ट्रक व कार में टक्कर हो गई। इसमें कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एकाएक हुए हादसे के कारण आसपास के लाेगों के बीच अफरातफरी मच गई। सभी लोग घटनास्थल की ओर दौर पड़े। घटनास्थल पर कार सवार छह यात्री सभी घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीन लोगो की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल सभी व्यक्ति मुफस्सिल थाना के हरपुर एलौथ पंचायत के भंवरूपुर गांव के रहने वाले है। उसकी पहचान अशोक दास के पुत्र अमित कुमार ( 26), शंकर दास के पुत्र रमेश कुमार (22), विनोद कुमार पुत्र विकास कुमार (18), पलटु पासवान के पुत्र राजभजन पासवान (45), विन्देश्वर दास के पुत्र अमन कुमार (17), राजकुमार दास के निरज कुमार ( 17) के रूप मे हुई है। जानकारी के अनुसार गुरूवार को भमरूपुर से एक व्यक्ति की बारात रोसड़ा के मिर्जापुर गई थी। बारात में शरीक होकर उक्त लोग कार से घर लौट रहे थे। इस क्रम मे डाकबंगला चौराहा के निकट ट्रक की ठोकर में हादसे के शिकार हो गए।
आपको बताते चले कि इस घटना के एक सप्ताह पूर्व भी रोसड़ा-बेगूसराय सीमा पर भी एक बस व बोलेरो की टक्कर हो गई थी। इसमें चार की मौत हो गई थी। वहीं कई जख्मी हो गए थे। शुक्रवार को घटी घटना के बाद सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज जारी है। इसमें से दो की हालत चिंताजनक बतायी गई है। रोसड़ा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं ट्रक की खोज की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।