भोजपुर| व्हीएसआरएस न्यूज: भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के लौहर श्रीपाल गांव में कल बुधवार की देर रात बेखौफ अपराधियोंं ने जनता दल यूनाइटेड के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक 45 वर्षीय धर्मपाल राम उर्फ भूतनाथ राम लौहर श्रीपाल गांव निवासी दुखित राम के पुत्र थे। उनके सिर और ललाट के पास गोली मारी गई है। हत्या के कारण अभी ज्ञात नहीं हैं। इस बीच हत्या से आक्रोशित ग्रामीण गुरुवार की सुबह सड़क पर उतर गए। उन्होंने लौहर श्रीपाल (छोटका लौहर) गांव के समीप ही शव को रखकर आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने आगजनी भी की। आक्रोशित ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
घर में सोए हालत में मारी गई गोली
मिली जानकारी अनुसार लौहर श्रीपाल गांव निवासी जेडीयू नेता भूतनाथ राम रोज की तरह बुधवार की रात खाना खाकर अपने झोपड़ीनुमा घर में खाट पर सोए थे। बगल में चौकी पर बच्चों के साथ पत्नी सोई हुई थी। रात करीब 12 बजे के आसपास हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके। उन्होंने सो रहे भूतनाथ के सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर पत्नी की नींद खुली तो वहां का नजारा देखकर वह शोर मचाने लगी। इसके बाद ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर बड़हरा थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पहुंचे। रात डेढ़ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया।
ज्ञात नहीं है हत्या का कारण
वही हत्या का कारण फिलहाल ज्ञात नहीं है। मृतक की पत्नी ने शुरूआती पूछताछ के दौरान किसी से दुश्मनी की बात नहीं बताई हैं। इधर, बड़हरा विधानसभा निवासी जेडीयू राज्य परिषद सदस्य विश्वनाथ सिंह ने कहा है कि भूतनाथ राम पार्टी के सक्रिय सदस्य थे। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी।
कंट्री मेड हथियार से हत्या की आशंका
हत्या में 315 बोर के हथियार के इस्तेमाल की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम के दौरान गोली का पिलेट मिला है। जख्म व पिलेट को देखकर कंट्री मेड हथियार से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हत्या के विरोध में उमड़ा जनाक्रोश
आपको बताते चले की हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर गुरुवार की सुबह छोटका लौहर गांव के आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर गए। उन्होंने शव के साथ आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम व हंगामा के कारण वाहनों का परिचालन अवरुद्ध हो गया। सड़क जाम जारी है। मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने में लगे हैं।