भभुआ| व्हीएसआरएस न्यूज: स्थानीय थाना क्षेत्र के भगवानपुर व जैदपुर खुर्द गांव के एक ही समुदाय के बीच आपसी वर्चस्व को लेकर हुए विवाद मारपीट हो गई। मारपीट के बाद दोनों पक्ष के बीच काफी तनाव हो गया। तनाव बढ़ता देख प्रभारी थानाध्यक्ष रघुवीर सिंह, जमादार संजीव कुमार के साथ काफी संख्या में पुलिस बल भगवानपुर थाना चौक तैनात हो गए।
इस घटना की जानकारी जैसे ही जिला के वरीय पदाधिकारियों की हुई कि पुलिस इंस्पेक्टर रणधीर सिंह पुलिस बल के साथ भगवानपुर थाना चौक पहुंच कर दोनों पक्ष से घटना की विस्तृत जानकारी लिए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के भगवानपुर व जैदपुर खुर्द गांव के एक समुदाय के लड़कों के बीच नोकझोंक हुई थी। शुक्रवार को भगवानपुर निवासी एक युवक भभुआ जा रहा था। इस दौरान थाना चौक पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद शनिवार को दूसरे पक्ष के लोग भगवानपुर के थाना चौक पर स्थित कटरा में जैतपुर खुर्द गांव के युवक की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में घुसकर मारपीट कर दिए। मारपीट होते देख आसपास के दुकानदार काफी भयभीत हो गए व अपनी अपनी दुकान बंद कर भागने लगे।
हालांकि मौके पर पहुंचकर पुलिस मारपीट करने वालों को खदेड़ी। इसके बाद मारपीट कर रहे युवक भाग गए। लेकिन दोनों पक्षों में तनाव बरकरार है। सभी दुकानें बंद हो गई। आपको बताते चले कि कुछ वर्ष पूर्व पूरन चेरों की मृत्यु के बाद भगवानपुर में कुछ इसी तरह का तनाव उत्पन्न हुआ था। तब भगवानपुर में काफी बवाल हुआ था।
पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि किसी पक्ष की तरफ से अभी घटना से संबंधित कोई आवेदन नहीं मिला है। पुलिस घटना में शामिल लोगों को चिह्नित कर रही है। अभी विवाद क्यों हुआ इसके बारे में स्पष्ट पता नहीं चला है। बताया जाता है कि सुबह तक माहौल बिल्कुल ठीक था। अचानक हुई घटना के बाद नजारा बदल गया।