Up News मऊ (व्हीएसआरएस न्यूज) उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाले हैं। घोसी उपचुनाव के लिए बीजेपी ने दारा सिंह चौहान को उम्मीदवार बनाया है। रविवार को जिले के थाना सराय लखांशी क्षेत्र के अदरी गांव के पास प्रचार के समय दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकी गई। दारा सिंह चौहान के कार से उतरने पर कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे, तभी बीच से किसी ने उन पर स्याही फेंक दी।
इस दौरान स्याही दारा सिंह चौहान की आंखों में भी चली गई। इससे वहीं अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं पीछे खड़े उनके गार्ड ने तुरंत उन्हें पीछे किया और आरोपी को पकड़ने के लिए के लिए चले गए। हालांकि, स्याही गिरने से आस-पास खड़े लोगों के कपड़े खराब हो गए।
बता दें कि 2022 में सपा के टिकट पर दारा सिंह चौहान घोसी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। हालांकि, कुछ दिनों पूर्व उन्होंने सपा की विधायकी से इस्तीफा देकर बीजेपी ज्वाइन की। जिसके बाद घोषित हुए चुनाव में वह बीजेपी के टिकट पर घोसी से ही चुनावी मैदान में हैं। इसी क्रम में वह चुनाव प्रचार करने के लिए घोसी पहुंचे थे। जहां उनके ऊपर स्याही फेंकी गई है। गौरतलब है कि इसी सीट से सपा ने सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।