Pune News पुणे (व्हीएसआरएस न्यूज) वाडेश्वर शिंदेवाड़ी में महादेव मंदिर के सामने ठोकलवाड़ी (टाटा डैम) बांध के पानी में बुधवार की शाम एक युवा पर्यटक डूब गया। शिवदुर्ग बचाव दल लोनावला व वन्य जीव रक्षक मावल संस्था की ओर से गुरुवार को उसका तलाशी अभियान चलाया गया। दिन भर तलाश करने के बाद भी पर्यटक का शव नहीं मिलने पर शुक्रवार को फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि, शुक्रवार दोपहर भारी बारिश के चलते सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है। डूबे पर्यटक की पहचान अर्जुन सुभाष माने (उम्र 25 वर्ष निवासी कोल्हापुर) के रूप में हुई है।
अर्जुन माने पर्यटन के सिलसिले में कोल्हापुर से मावल तहसील आए थे। बुधवार की दोपहर जब वे अंदर मावल वडेश्वर शिंदे घाटेवाड़ी में पर्यटन कर रहे थे, तब वे टाटा डैम में तैरने गए थे। उस वक्त उनके अन्य दोस्त मितेश विजय राठौड़, नयन सिद्धार्थ जाधव, ओम शेखर मराठे, सूरज शिवाजी जगताप, सुशांत सुधाकर धर्माधिकारी जल तट पर खड़े थे। तैरते समय अर्जुन माने अचानक कीचड़ में फंस गया और डूब गया।
आपदा मित्र मावल, शिवदुर्ग मित्र लोनावला, वन्य जीव रक्षक मावल के स्वयंसेवकों ने गुरुवार को अर्जुन माने की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया। महेश मस्ने, सागर कुंबर, अनिल आंद्रे, अजय शेलार, दिगंबर पडवाल, सुनील गायकवाड़, योगेश दलवी, अमित बलकवड़े, मयूर दलवी, अमोल सुतार, नीलेश गराड़े, भास्कर माली की टीम ने दिन भर सर्चिंग का काम किया। लेकिन अर्जुन माने का शव नहीं मिला। लिहाजा शिवदुर्ग रेस्क्यू टीम लोनावाला व वन्य जीव रक्षक मावल संस्था के माध्यम से शुक्रवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। हालांकि, शुक्रवार दोपहर थोकवाड़ी में तेज बारिश हुई। जिसके कारण सर्च टीमों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। पर्यटक अर्जुन माने का शव अभी तक नहीं मिला है।