Pune News पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा बच्चों की सुरक्षा के लिए ’ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रेलवे सुरक्षा बल ने मई में 163 बच्चों को ढूंढ़ निकाला और उनके परिजनों को सौंप दिया। रेलवे सुरक्षा बल रेलवे संपत्ति,यात्री क्षेत्रों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। इसके साथ ही फोर्स ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत बच्चों को बचाने का अभियान चला रही है।
इस अभियान में मध्य रेलवे में 163 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इसमें 133 लड़के और 30 लड़कियां शामिल हैं। चाइल्डलाइन एनजीओ की मदद से उन्हें उनके माता-पिता से मिला दिया गया है। मध्य रेलवे के भुसावल सेक्शन में सर्वाधिक 78 बच्चों (70 लड़के और 8 लड़कियों) को बचाया गया। मुंबई मंडल में 34 (23 लड़के और 11 लड़कियां), नागपुर मंडल में 14 (5 लड़के और 9 लड़कियां), सोलापुर मंडल में 4 (2 लड़के और 2 लड़कियां) और पुणे मंडल में 33 लड़कियों को बचाया गया।
कई बच्चे घरेलू झगड़ों या पारिवारिक समस्याओं के कारण घर से भाग जाते हैं। वहीं, शहर में अच्छी जिंदगी और चकाचौंध भरी जिंदगी के आकर्षण के कारण बच्चे अपने परिवार को बिना बताए घर से निकल जाते हैं। रेलवे सुरक्षाकर्मी ऐसे बच्चों को रेलवे स्टेशन पर आते हुए पाते हैं। ये जवान बच्चों की समस्याओं को समझते हैं और उन्हें उनके माता-पिता से मिलाने की कोशिश करते हैं।