Mumbai News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) महाराष्ट्र के सीएम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तीन दिन (24 से 26 अप्रैल) छुट्टी पर गए हैं। मंगलवार को यह जानकारी सामने आने के बाद कई तरह की चर्चाएं सियासी हलकों में शुरू थी। हालांकि, इस बारे में खुद उनके दो मंत्रियों के अलग-अलग बयान अब राज्य में चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक तरफ जहां दीपक केसरकर ने कहा कि सीएम एकनाथ शिंदे सबसे ज्यादा समय तक काम करते हैं। इस वजह से उन्हें पर्याप्त नींद नहीं मिल पाती है। इस वजह से उन्हें रात में कभी सलाइन भी लगाना पड़ता है। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सख्त हिदायत दी थी लेकिन वह उनकी सलाह मान नहीं रहे थे। इसलिए उनके परिवार वाले उन्हें जबरन उनके मूल गांव (सतारा) ले गए। ताकि वह कुछ आराम कर सकें। वहीं मंत्री उदय सामंत ने सीएम की छुट्टी के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि वह गांव के मेले में शामिल होने के लिए गए हैं।
अपनी छुट्टी पर जाने की ख़बरों के बीच सीएम एकनाथ शिंदे ने विरोधियों खास तौर पर उद्धव ठाकरे को जवाब देते हुए कहा कि मैं कभी छुट्टी पर नहीं जाता बल्कि मैं डबल ड्यूटी करने वाला इंसान हूं। उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ढाई साल घर पर बैठने वाले मुझे न सिखाएं।
शिंदे अपनी छुट्टी बढ़ा सकते हैं: राउत
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मंगलवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जल्द ही पद से हटने वाले हैं। यह दावा ऐसे समय किया गया है जब विभिन्न तरह के राजनीतिक कयास लगाये जा रहे हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का खेमा उनसे मीठी-मीठी बातें कर रहा है और उनके पीठ पीछे अलग खेल खेल रहा है। ’मुख्यमंत्री निश्चित तौर पर जाएंगे।’ बाद में पत्रकारों से बात करते हुए संजय राउत ने कहा कि अपने पैतृक स्थान सतारा गये मुख्यमंत्री शिंदे शायद अपनी छुट्टी बढ़ा सकते हैं।
राउत ने कहा कि शिंदे सोचते हैं कि वह गरीबों के मसीहा हैं लेकिन वह हेलीकॉप्टर से तीन दिन की छुट्टी पर गए हैं। इस बीच शिवसेना के एक प्रवक्ता नरेश म्हस्के ने कहा है कि मुख्यमंत्री छुट्टी पर नहीं गए हैं, बल्कि (सतारा के) आधिकारिक दौरे पर हैं। उधर शिंदे ने भी कहा है कि वह छुट्टी पर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके छुट्टी पर होने के दावे गलत हैं।
’बीजेपी संसदीय बोर्ड तय करेगा कौन होगा मुख्यमंत्री’,अब बावनकुले के बयान से मची महाराष्ट्र की सियासत में खलबली
महाराष्ट्र में 2024 में बीजेपी का मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा। यह बात महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहीं। जब उनसे पूछा गया कि क्या 2024 में शिंदे ही शिवसेना-बीजेपी युति का चेहरा होंगे? इस सवाल के जवाब में उन्होंने उपरोक्त बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड ही यह तय करता है कि किसे टिकट दिया जाए। किसे मंत्री बनाया जाए या किसे मुख्यमंत्री बनाया जाए। चंद्रशेखर बावनकुले इस बयान से महाराष्ट्र की राजनीतिक के गरमाने के पूर आसार हैं। वैसे भी इन दिनों राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर रोज नई कहानी चल रही है। एनसीपी नेता अजित पवार के बीजेपी के साथ आने और मुख्यमंत्री बनने को लेकर चल रही अटकलों से वर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक विधायक बौखलाए हुए हैं। वहीं शिंदे अपने गांव पहुंच गए हैं, जिसके बाद तमाम अटकलें लगाई जा रही हैं।