Mumbai News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) भगत सिंह कोश्यारी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से हटने की इच्छा जताई है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि, मैंने पीएम को अपनी सभी राजनीतिक जिम्मेदारियों से मुक्त होने की इच्छा से अवगत कराया। ये जानकारी सोमवार को राजभवन ने प्रेस रिलीज के जरिए शेयर की है। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने अपनी हालिया मुंबई यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजनीतिक जिम्मेदारियों से हटने की अपनी इच्छा से अवगत कराया था।
राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, राज्यपाल कोश्यारी ने अपना शेष जीवन पढ़ने, लिखने और अन्य इत्मीनान की गतिविधियों में बिताने की इच्छा व्यक्त की है। कोश्यारी ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा, महाराष्ट्र जैसे महान राज्य- संतों, समाज सुधारकों और बहादुर सेनानियों की भूमि के राज्य सेवक या राज्यपाल के रूप में सेवा करना मेरे लिए पूर्ण सम्मान और सौभाग्य की बात थी।
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी कई बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन पर विपक्ष ने पक्षपाती होने का भी आरोप लगाया है। हाल में उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर बयान दिया था। जिसके बाद विपक्ष के साथ-साथ राज्य सरकार के कई नेताओं ने उनकी आलोचना की थी। राज्यपाल कोश्यारी ने बीते साल नवंबर में कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज पुराने दिनों के आइकन थे। राज्य में आइकन के बारे में बात करते हुए उन्होंने बाबासाहेब अंबेडकर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जिक्र किया था।