Mumbai News मुंबई(व्हीएसआरएस न्यूज) महाराष्ट्र एटीएस ने कुछ महीने डीआरडीओ वैज्ञानिक प्रदीप कुरुलकर को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस केस में अब एटीएस ने 1,837 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में इस बात का खुलासा हुआ है कि प्रदीप कुरुलकर जिस पाकिस्तानी महिला के संपर्क में थे, उसे तीन ई-मेल आईडी से जानकारियां शेयर करते थे। इनमें से एक मेल आईडी का नाम था- dreamgirl56gmail.com इस मेल आईडी का पासवर्ड पाकिस्तानी जासूस और कुरुलकर दोनों के पास रहता था। एटीएस का मानना है कि प्रदीप कुरुलकर ने इस पाकिस्तानी जासूस से ’अंतरंग संबंध स्थापित करने के लिए’ यह जानकारी साझा की थी।
कुरुलकर ने पाकिस्तानी जासूस के साथ सितंबर, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच काफी वॉट्सऐप चैट्स भी किए। एटीएस ने इन्हीं सभी चैट्स को अपनी चार्जशीट में संलग्न किया है। एटीएस की चार्जशीट में काफी गवाहों के स्टेटमेंट भी हैं, जिनमें दो पुणे की महिलाएं भी हैं।
डीआरडीओ के गेस्ट हाउस में बुलाता था महिलाएं
एटीएस का दावा है कि इन महिलाओं के साथ कुरुलकर के अवैध संबंध थे। वह डीआरडीओ के गेस्ट हाउस में इन महिलाओं को बुलाते रहते थे। एटीएस के एक अधिकारी बताया कि गेस्ट हाउस से जुड़ी जानकारी से हमें यह तो आभास हो गया कि इतना बड़ा वैज्ञानिक कितना घटिया इंसान है।
जुही अरोड़ा रखा था नाम
प्रदीप कुरुलकर पर भारत की कई मिसाइलों की जानकारी पाकिस्तानी महिला जासूस के साथ शेयर करने का आरोप है। मई में जब प्रदीप कुरुलकर को गिरफ्तार किया गया था, तब यह बात सामने आई थी कि उनसे बात करने वाली पाकिस्तानी जासूस ने जारा दासगुप्ता के नाम से खुद का परिचय दिया था। अब पता चला है कि इसी पाकिस्तानी जासूस ने अपना एक और भी नाम रखा था जुही अरोड़ा। जुही अरोड़ा के नाम से दूसरा मोबाइल नंबर लिया गया था।
ऐसे फंसे थे हनी ट्रैप में
प्रदीप कुरुलकर अपनी गिरफ्तारी से पहले तक डीआरडीओ, पुणे में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनको पाकिस्तानी जासूस ने किस तरह हनी ट्रैप में फांसा, वह कहानी भी हैरान करने वाली है। उनके पास पिछले साल एक वॉट्सऐप आया- कख। वॉट्सऐप करने वाली लड़की ने अपना नाम जारा दासगुप्ता बताया और प्रदीप कुरुलकर को किसी और नाम से संबोधित किया। तब प्रदीप ने उसे टोका और कहा कि तुमने किसी गलत आदमी से संपर्क किया है। मैं प्रदीप कुरुलकर हूं, डीआरडीओ में साइंटिस्ट और डायरेक्टर। इस पर लड़की ने उन्हें सॉरी बोला और फिर कहा कि वह गलती से किसी और का नाम लिख गई। उसे तो उन्हीं से यानी प्रदीप कुरुलकर से बात करनी है। लड़की ने खुद को इंडियन बताया और कहा कि वह लंदन में पढ़ती है। इसके बाद उसने धीरे-धीरे कुरुलकर को हनी ट्रैप में लेना शुरू किया और उन्हें पहले ऑडियो कॉल, फिर न्यूड विडियो कॉल्स करने लगी।