रायबरेली| | व्हीएसआरएस न्यूज: राहुल गांधी ने आज शुक्रवार को रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया| इस दौरान सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और अशोक गहलोत मौजूद रहे| शुक्रवार सुबह ही कांग्रेस पार्टी ने अमेठी और रायबरेली सीट से उम्मीदवारों का नाम जारी किया| जिसके बाद राहुल गांधी रायबरेली स्थित फुरसतगंज हवाईअड्डे पर अपनी मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य लोगों के साथ विमान से उतरे|
कई दिनों की ऊहापोह को खत्म करते हुए, पार्टी ने शुक्रवार सुबह घोषणा की कि राहुल गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, जो पहले उनकी मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र था| पार्टी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि गांधी परिवार के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है| शर्मा गांधी परिवार की अनुपस्थिति में इन दोनों प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों की देखभाल कर चुके हैं| सात चरण में हो रहे लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को जिन सीटों पर मतदान होगा, उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आज आखिरी तारीख है|
रायबरेली और अमेठी सीटों पर मतदान 20 मई को ही होगा। मतगणना चार जून को होगी| वहीं अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया| बता दें कि पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रियंका गांधी अमेठी से चुनाव लड़ सकती हैं| लेकिन लिस्ट जारी होने के बाद सारी अटकलों पर विराम लग गया|
वहीं किशोरी लाल शर्मा के नामांकन में शामिल हुईं प्रियंका गांधी ने कहा, ‘इस चुनाव में भी कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़वाऊंगी| हम ये चुनाव आपके लिए लड़ेंगे ताकि आपका विकास हो| अब ये मौका आ गया है कि देश में एक संदेश दें कि हम सेवा की राजनीति करते हैं| ये आपका चुनाव है, आप जिताएंगे| मैं 6 मई तक अमेठी में ही रहूंगी| अमेठी का चुनाव जनता के बल पर जीतेंगे|’
गांधी परिवार की विरासत बनी सीट
रायबरेली लोकसभा सीट के इतिहास की बात करें तो सबसे पहले 1952 में फिरोज गांधी ने चुनाव लड़ा और जीते। इसके बाद 1958 में भी फिरोज गांधी ने जीत हासिल की। उनके निधन के बाद 1967 के चुनाव में इंदिरा गांधी ने इस सीट से पर्चा भरकर राजनीतिक पारी की शुरुआत की। ऐसे में यह सीट गांधी परिवार की विरासत बन गई। 2004 में इंदिरा गांधी की बहू सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ा और पांच बार सांसद चुनी गईं। अब सोनिया गांधी के बेटे राहुल गांधी लोकसभा सीट से उतरकर विरासत को संभालने जा रहे हैं।
सोनिया गांधी ने निभाया वादा
सांसद सोनिया गांधी ने राज्यसभा में जाने से पहले रायबरेलीवासियों के नाम पत्र लिखा था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसी के बाद से कयास लगाए जाते रहे कि गांधी परिवार से कोई न कोई चुनाव रायबरेली से जरूर लड़ेगा। यहां से प्रियंका गांधी का नाम चल रहा था, लेकिन एऐन मौके पर उनके भाई राहुल गांधी के चुनाव लड़ने का एलान कर दिया गया।
रायबरेली से अब तक हुए सांसद
- 1952- फिरोज गांधी (कांग्रेस)
- 1958- फिरोज गांधी (कांग्रेस)
- 1962- ब्रजलाल (कांग्रेस)
- 1967- इंदिरा गांधी (कांग्रेस)
- 1971- इंदिरा गांधी (कांग्रेस)
- 1977- राजनारायण (बीकेडी)
- 1980- इंदिरा गांधी (कांग्रेस)
- 1981-अरुण नेहरू( कांग्रेस) उपचुनाव
- 1984- अरूण नेहरू (कांग्रेस)
- 1989- शीला कौल (कांग्रेस)
- 1991- शीला कौल (कांग्रेस)
- 1996- अशोक सिंह (भाजपा)
- 1998- अशोक सिंह (भाजपा)
- 1999- कैप्टन सतीश शर्मा(कांग्रेस)
- 2004- सोनिया गांधी (कांग्रेस)
- 2006-सोनिया गांधी (कांग्रेस) उपचुनाव
- 2009- सोनिया गांधी (कांग्रेस)
- 2014-सोनिया गांधी (कांग्रेस)
- 2019-सोनिया गांधी (कांग्रेस)