National News रांची(व्हीएसआरएस न्यूज) झारखंड विधानसभा में चंपाई सोरेन की अगुवाई वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल गठबंधन की सरकार ने विश्वासमत जीत लिया है। चंपाई सोरेन की अगुवाई वाली इस सरकार के पक्ष में 47 विधायकों ने मतदान किया। प्रस्ताव के विरोध में 29 वोट पड़े। जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने मतदान से दूरी बना ली। वहीं, हजारीबाग जिले के बरकट्ठा के निर्दलीय विधायक अमित यादव विधानसभा पहुंचे ही नहीं। भारतयी जनता पार्टी (भाजपा) के 25 विधायकों के अलावा आजसू के 3 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के एक विधायक ने सरकार के खिलाफ मतदान किया।
क्या बोले हेमंत सोरेन?
इसके बाद हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार, राज्यपाल और बीजेपी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, ”मैं बीजेपी को मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप साबित करने की चुनौती देता हूं, अगर आरोप साबित हुए तो राजनीति छोड़ दूंगा। राजनीति से संन्यास ही नहीं झारखंड छोड़ दूंगा।” उन्होंने कहा कि आंसू नहीं बहाऊंगा, उचित समय आने पर ‘सामंती ताकतों’ को मुंहतोड़ जवाब देंगे। केंद्र की साजिश रचे जाने के बाद राजभवन ने मेरी गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभायी।